चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ प्रखंड स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में गुरुवार को छात्राओं के लिए एक नई सौगात मिली. विद्यालय परिसर में नवनिर्मित साइंस लैब का शिलान्यास विधायक जगत माझी ने किया. इस लैब के बनने से छात्राओं को विज्ञान विषय की पढ़ाई और प्रयोगात्मक ज्ञान में काफी सुविधा मिलेगी.

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान शिक्षा बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि बेटियों का शिक्षित होना पूरे समाज के विकास के समान है. यदि बेटियां आगे बढ़ेंगी तो समाज और राष्ट्र स्वतः मजबूत होगा. उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया.

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर आधारभूत सुविधाओं की ओर ध्यान दिलाया. इसमें शौचालय निर्माण, चहारदीवारी और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था प्रमुख मांगों में शामिल रही. विधायक ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिया.
इस अवसर पर विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका रंजीता महतो समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे. साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों की भी भागीदारी रही.

शिलान्यास के बाद विधायक ने एस्पायर संस्था द्वारा संचालित आरबीसी गर्ल्स हॉस्टल का भी निरीक्षण किया. उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और रहने की व्यवस्था की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया. इसके अलावा विधायक ने प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं. ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क और बिजली से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

