गिरिडीह:मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में हुई पायल कुमारी हत्याकांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है. इस संवेदनशील मामले को लेकर राज्य सरकार भी गंभीर नजर आ रही है. रविवार को सूबे के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मृतका पायल कुमारी के परिजनों से मिलने सिरसिया पहुंचे और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया. इस दौरान गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा भी मौजूद रहीं.

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और घटना को अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक बताया. उन्होंने कहा कि 20 मई 2026 की सुबह सिरसिया पुराने पुल के नीचे युवती का शव बरामद होना पूरे समाज के लिए पीड़ादायक घटना है. इस घटना ने न केवल सिरसिया गांव बल्कि पूरे गिरिडीह जिले के लोगों को स्तब्ध कर दिया है.
परिजनों से बातचीत के दौरान मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष तथा उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.
मंत्री ने कहा कि किसी भी बेटी के साथ इस तरह की घटना सभ्य समाज के लिए कलंक है. सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को सतर्क रहने की आवश्यकता है. उन्होंने अधिकारियों से मामले की हर पहलू से जांच करने तथा साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
इस दौरान महापौर प्रमिला मेहरा ने भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि शहर की जनता इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की.
मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. गांव में अब भी मातम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग उठाई. लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई ही समाज में अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा कर सकती है.
इधर पुलिस प्रशासन भी मामले की जांच में जुटा हुआ है. विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की खबर सामने आ रही है. हालांकि अब तक आधिकारिक रूप से किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है. पूरे मामले पर जिलेवासियों की नजर बनी हुई है और लोग जल्द न्याय की उम्मीद कर रहे हैं.



