जमशेदपुर: अनमैप्ड वोटर लिस्ट जारी होने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सरफराज हुसैन और पूर्वी सिंहभूम जिला संगठन सचिव नसीर खान ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने जेएच तारापुर, मदरसा फैजुल उलूम, शास्त्रीनगर, रानीकुदर, डीबीएमएस और आंध्रा एसोसिएशन समेत कई बूथों का जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान कई बूथों पर बीएलओ अनुपस्थित पाए गए, जिस पर झामुमो नेताओं ने नाराजगी जताई. उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ से संपर्क कर तत्काल बूथ पर पहुंचने का निर्देश दिया. नेताओं ने स्थानीय लोगों से मिलकर अनमैप्ड वोटर लिस्ट की जानकारी दी और मतदाताओं को अपने नाम की जांच करने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक किया.
रानीकुदर बूथ पर निरीक्षण के दौरान करीब 60 वर्षीय चुन्नू लाल सोनकर ने शिकायत की कि बीएलओ द्वारा सही जानकारी नहीं दी जा रही थी. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं किया गया था, जिससे लोगों को अपना नाम देखने में परेशानी हो रही थी.
इस पर झामुमो नेता सरफराज हुसैन ने कहा कि अनमैप्ड वोटर लिस्ट को बूथ पर सार्वजनिक रूप से लगाया जाना चाहिए, ताकि हर व्यक्ति आसानी से अपना नाम देख सके और किसी भी मतदाता को परेशानी का सामना न करना पड़े.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में होना बेहद जरूरी है और किसी भी मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए. उन्होंने कहा कि झामुमो कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे, ताकि कोई भी नागरिक अपने मतदान अधिकार से वंचित न रह जाए.
सरफराज हुसैन ने कहा कि वोटर लिस्ट में नाम जुड़ना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र में भागीदारी का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने नाम की जांच जरूर करें और यदि नाम छूट गया हो तो जल्द प्रक्रिया पूरी कर उसे जुड़वाएं.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



