कपाली: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कपाली क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित होने लगा है. बारिश के कारण कमारगोड़ा पुलिया में पानी का जलस्तर काफी बढ़ गया है और पुलिया के ऊपर पानी का बहाव तेज हो गया है. सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग से आवागमन बंद कर दिया गया है.


पुलिया पर पानी बढ़ने से आसपास के लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं तेज बहाव को देखते हुए किसी भी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को लेकर प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
कपाली नगर परिषद के प्रशासक एवं कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने लोगों से अपील की है कि जब तक पुलिया में पानी का स्तर कम नहीं हो जाता, तब तक इस रास्ते का इस्तेमाल नहीं करें. उन्होंने नागरिकों से सुरक्षित रहने के लिए वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करने का अनुरोध किया है.
प्रशासन ने विशेष रूप से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेने की सलाह दी है. लोगों से जलजमाव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले पानी में जाने से बचने को कहा गया है.
निचले इलाकों में भी जलजमाव
लगातार बारिश के कारण कपाली क्षेत्र के कई निचले इलाकों में भी पानी जमा होने लगा है. इससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है. प्रशासन और पुलिस की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि बारिश के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और पुलिया पर पानी का बहाव कम होने तक बंद मार्ग का इस्तेमाल न करें और सुरक्षित वैकल्पिक रास्ते से ही आवागमन करें.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

