जमशेदपुर. उत्तरी करनडीह पंचायत अंतर्गत करनडीह फाटक के समीप दुर्गा मंडप से मंडल चिकन दुकान तक कल्वर्ट सहित नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक एवं मुखिया सिनी सोरेन ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्य की आधारशिला रखी.

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी मानिक मलिक ने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देकर लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना उनका संकल्प है. आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्य लगातार किए जाएंगे.
स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जाहिर की. ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से नाली जाम एवं जलजमाव की समस्या बनी हुई थी, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती थी.
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नाली एवं कल्वर्ट निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को गंदे पानी तथा जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी.
शिलान्यास कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. सभी ने क्षेत्र में विकास कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त की और कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की.



