आदित्यपुर: मिथिला संकीर्तन मंडली की ओर से शनिवार को आदित्यपुर-2 के रोड नंबर 7-8 स्थित वीर कुंवर सिंह मैदान में शनिवार को बोल बम भजन संध्या का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मिथिला समाज के सैकड़ों महिला- पुरुष शामिल हुए और देर तक शिव भजनों का आनंद लिया.


कार्यक्रम की शुरुआत अशोक झा प्रेमी ने गुरु वंदना से की. इसके बाद बीरेंद्र उपाध्याय, प्रिशा झा, मनीषा भास्कर और चंद्रमोहन झा ने एक से बढ़कर एक शिव भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह शामिल हुए. उनके साथ परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी समिति के अध्यक्ष मानस मिश्रा, महासचिव चंद्रशेखर झा, वार्ड संख्या 29 की पार्षद अर्चना सिंह और मिथिला सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष आकाश मिश्रा भी मौजूद रहे.
आयोजकों ने बताया कि मिथिला समाज के श्रद्धालु प्रत्येक वर्ष अनंत पूजा के अवसर पर सरदार बम अजय ठाकुर के मार्गदर्शन में बाबाधाम की यात्रा पर निकलते हैं. सुल्तानगंज से बाबाधाम तक कांवर यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर संकीर्तन करते हुए श्रद्धालु आगे बढ़ते हैं. इसी धार्मिक परंपरा से जुड़े आयोजन के रूप में भजन संध्या आयोजित की गई.
कार्यक्रम को सफल बनाने में मिथिला संकीर्तन मंडली के अध्यक्ष रंजीत नारायण मिश्र, अशोक झा प्रेमी, ओमप्रकाश ठाकुर, सरोज कुमार झा, राजेश रंजन, बमबम मिश्र, शंकर ठाकुर, विनोद खां, पंकज मिश्रा, कुमोद खां, त्रिलोक मिश्रा, लक्ष्मण झा, राजकुमार मिश्रा, ब्रह्मानंद झा, सुमन झा, प्रदीप झा, श्यामल सुमन, सतीश झा, सर्वेश कुमार सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

