बोकारो / Shubham Mishra जिले के गोमिया क्षेत्र में जंगली हाथियों की गतिविधि को लेकर वन विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में हाथियों के दो अलग-अलग झुंड देखे गए हैं. पहला झुंड जगेश्वर के पास जबकि दूसरा झुंड गांगपुर और धरमपुर के आसपास मौजूद है.
वन विभाग ने महुआटांड़, जगेश्वर और बड़की पुन्नू क्षेत्र सहित आसपास के सभी गांवों के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि जब तक कोई अत्यंत जरूरी कार्य या आपात स्थिति न हो, तब तक लोग अपने घरों से बाहर न निकलें.
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों को पक्के मकानों के अंदर रहने या छत पर सुरक्षित स्थान पर आश्रय लेने की सलाह दी गई है. यदि किसी भी गांव या घर के आसपास हाथी दिखाई देते हैं, तो घबराने की बजाय शांत रहें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें.
वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. विभाग ने ग्रामीणों से सहयोग और सतर्कता बनाए रखने की अपील की है.


