चाईबासा: मनोहरपुर के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग शनिवार को पूरी हो गई. टाटानगर- एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया. पहली बार ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने ढोल- नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया.


सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद और चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया.

सांसद जोबा माझी ने इसे मनोहरपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास जारी रहेगा. उन्होंने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर जाम से निजात के लिए रेल ओवरब्रिज निर्माण की जरूरत भी बताई.

विधायक जगत माझी ने कोविड से पहले की रेल सुविधाओं को बहाल करने की मांग करते हुए सारंडा सवारी गाड़ी का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने की मांग रखी. वहीं जेबी तुबिद ने आने वाले दिनों में मनोहरपुर में अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उम्मीद जताई. कार्यक्रम में रेल अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

