जमशेदपुर: बिष्टुपुर के रामदास भट्ठा क्षेत्र से कथित गाय चोरी के मामले को लेकर शुक्रवार रात जुगसलाई थाना क्षेत्र के ईदगाह मैदान में भारी बवाल हो गया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया.


पुलिस के अनुसार गाय चोरी की जानकारी मिलने के बाद कुछ लोग पुलिस को सूचना दिए बगैर जुगसलाई पहुंच गए और विवाद शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि इससे पहले दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता और रुपये देने की बात तय हुई थी. इसके कुछ समय बाद ईदगाह मैदान स्थित नसीम मैरिज हॉल के समीप कुछ पशुपालकों के एकत्रित होने के बाद दोबारा विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई.

पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी. पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हवाई फायरिंग की भी चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
सूत्रों के अनुसार भीड़ और स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग होने की बात सामने आ रही है. हालांकि फायरिंग किसने और किन परिस्थितियों में की, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
स्कॉर्पियो जब्त, प्रतिबंधित मांस मिलने का दावा
पुलिस ने घटनास्थल से एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है. दावा किया जा रहा है कि इसी वाहन से कथित रूप से गाय को रामदास भट्ठा से जुगसलाई लाया गया था और बाद में उसे कसाई को बेच दिया गया. मौके से प्रतिबंधित मांस बरामद होने की बात भी सामने आ रही है. हालांकि मांस की प्रकृति और वाहन की कथित चोरी में भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच एवं आवश्यक परीक्षण के बाद ही हो सकेगी.

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम, कथित गाय चोरी, वाहन की भूमिका, बरामद मांस और बवाल में शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है.

