चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कपाली बस्ती नदी घाट में शनिवार दोपहर एक अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. नदी घाट के समीप झाड़ियों में शव फंसा होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.


घटना की जानकारी मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद शव बुजुर्ग महिला का बताया जा रहा है. हालांकि, देर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी.
पुलिस शव की पहचान कराने के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मृतका कौन थी, कहां की रहने वाली थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.
मसानघाट से पुराने शव के बहकर आने की भी आशंका
बताया जा रहा है कि जिस नदी घाट के समीप शव बरामद हुआ है, उसके आसपास अंतिम संस्कार भी किया जाता है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नदी में पानी के तेज बहाव के कारण कोई पुराना शव मसानघाट से बहकर आ गया हो और झाड़ियों में फंस गया हो. हालांकि, पुलिस ने इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. शव की स्थिति और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही महिला की मौत के समय और परिस्थितियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल कपाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है और मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

