सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार देर रात जिला खनन विभाग और खरसावां थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने खरसावां चौक पर औचक वाहन जांच अभियान चलाया.

जांच अभियान के दौरान खनिजों के परिवहन कर रहे वाहनों की गहन जांच की गई. इसी क्रम में बालू लदे वाहन संख्या JH01CD- 2078 को रोका गया. जांच के दौरान चालक वाहन से संबंधित वैध परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.
इसके बाद जिला खनन विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया और सुरक्षार्थ खरसावां थाना के सुपुर्द कर दिया. मामले में विभाग द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से जांच अभियान चलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. खनन विभाग ने कहा कि जिले में इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.



