सरायकेला: जिले के खरसावां प्रखंड स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) में गुरुवार को “स्कूल रूआर 2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रधान मांझी ने की, जिसमें शिक्षा विभाग से जुड़े पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं कर्मी शामिल हुए.

बैठक में विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण, शत-प्रतिशत नामांकन, छात्रों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के लिए सभी को समन्वय के साथ काम करना होगा.
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन और उपस्थिति सुनिश्चित की जाए. ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः स्कूल से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया. साथ ही शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाने के लिए नवाचार और गतिविधि आधारित पद्धति अपनाने की बात कही गई. बैठक में विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छता, पेयजल और रखरखाव को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए. मिड-डे मील योजना के गुणवत्ता युक्त संचालन और अभिभावकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि “स्कूल रूआर 2026” कार्यक्रम का उद्देश्य हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना है, इसलिए सभी संबंधित कर्मी इसे गंभीरता से लें और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें.

