
सरायकेला: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए खरसावां पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. गुरुवार को पुलिस उपाधीक्षक दुशरु बानसिंह के नेतृत्व में खरसावां थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया और चांदनी चौक में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया.


फ्लैग मार्च में खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी, जवान और सार्जेंट मेजर शामिल हुए. मार्च विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा, जहां लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई.
चांदनी चौक में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस ने भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया. जवानों ने त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा प्रबंधन का अभ्यास कर अपनी तत्परता दिखाई.
पुलिस उपाधीक्षक दुशरु बानसिंह ने कहा कि मोहर्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. वहीं थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
पुलिस ने लोगों से मोहर्रम पर्व को भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.
प्रमोद सिंह
संपादक






