चांडिल/ Afroj Mallick

कपाली नगर परिषद क्षेत्र में पानी की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है. पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से सरकारी सप्लाई पूरी तरह बंद है, जिससे आम लोगों का दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. पीने के पानी से लेकर घरेलू उपयोग तक सब कुछ प्रभावित हो रहा है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर परिषद हर बार पंप मोटर खराब होने का बहाना बनाकर मामले को टाल देती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है. लोगों के अनुसार, बीते कई महीनों से महीने में मुश्किल से पाँच से दस दिन ही सप्लाई पानी मिल पाता है.
टैंकर से पानी वितरण भी बना मुसीबत
सप्लाई बंद होने के बाद नगर परिषद द्वारा टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन यह व्यवस्था भी लोगों को राहत देने में नाकाम साबित हो रही है. टैंकरों को मुख्य सड़क पर खड़ा कर दिया जाता है, जिसके कारण महिलाओं और बच्चों की लंबी कतारें लग जाती हैं. सड़क पर भारी भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है. तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है.
पानी लेने पहुंची कई महिलाओं ने बताया कि सड़क के बीच टैंकर खड़ा होने से आवागमन बाधित होता है और जोखिम भी बढ़ जाता है. उन्होंने मांग की है कि टैंकर को मुख्य सड़क के बजाय पास के सुरक्षित क्रॉस रोड पर खड़ा किया जाए.
स्थानीयों में बढ़ी नाराजगी
लगातार चल रही पानी किल्लत से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. क्षेत्रवासियों का कहना है कि सप्लाई ठप होने से पूरा मोहल्ला पानी के लिए जूझ रहा है, लेकिन नगर परिषद की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
लोगों ने नगर परिषद से अविलंब सप्लाई बहाल करने और स्थायी समाधान खोजने की मांग की है. नागरिकों का कहना है कि हर साल पानी की समस्या का यही हाल होता है और अब समय आ गया है कि इसे गंभीरता से लिया जाए.

