चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद क्षेत्र के हासाडूंगरी स्थित नाला किनारे बने सार्वजनिक पार्क से सरकारी संपत्ति की चोरी का मामला सामने आया है. लाखों रुपये की लागत से लगाई गई लोहे की रेलिंग को अज्ञात चोरों द्वारा धीरे- धीरे चोरी कर लिया गया है.

स्थानीय लोगों के अनुसार यह चोरी एक दिन में नहीं, बल्कि लंबे समय से धीरे- धीरे की गई, लेकिन प्रशासन की नजर इसपर नहीं पड़ी. हैरानी की बात यह है कि पार्क के पास ही नगर परिषद का कार्यालय मौजूद है, इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आई है.
इस मामले ने कपाली नगर परिषद की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पार्क, जो आम लोगों के घूमने और बच्चों के खेलने के लिए बनाया गया था, अब बदहाल स्थिति में पहुंचता जा रहा है.
रेलिंग चोरी होने से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान हुआ है, बल्कि नाला किनारे होने के कारण लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है. किसी भी समय हादसे की आशंका बनी हुई है.
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि समय रहते निगरानी और सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाते तो इस तरह की चोरी नहीं होती.
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जल्द जांच कर चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाए. साथ ही पार्क में सुरक्षा गार्ड की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित सफाई और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

