चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत अलबेला गार्डन में सोमवार रात चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई. घटना में एक युवक घायल हुआ है. सूत्रों के अनुसार रात करीब 8:30 बजे 8 से 10 युवकों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और इसी दौरान उस पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है.


हमले के बाद घायल युवक मौके पर पड़ा रहा. इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक स्थानीय युवक की नजर उस पर पड़ी. उसने पैसेंजर टेंपो की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
घटना अलबेला गार्डन के सामने स्थित एक घर में लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है. फुटेज में हमले से जुड़े महत्वपूर्ण दृश्य होने की जानकारी मिल रही है. ऐसे में CCTV आरोपियों की पहचान और घटनाक्रम स्पष्ट करने में पुलिस के लिए अहम साक्ष्य साबित हो सकता है.
सूचना मिलने के बाद कपाली ओपी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ CCTV फुटेज की भी जांच कर रही है. हमला किस विवाद को लेकर हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका पता लगाया जा रहा है. फिलहाल घायल युवक की स्थिति और हमले के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

