चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है. पुलिस के कार्रवाई में 680 पुड़िया ब्राउन शुगर और करीब 18 ग्राम अतिरिक्त नशीला पदार्थ बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. यह कार्रवाई सिर्फ एक छापेमारी नहीं, बल्कि कपाली और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से फैल रहे ड्रग नेटवर्क की गंभीर तस्वीर भी सामने ला रही है.

कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि बंधुगोड़ा बड़ गाछ के समीप एक किराए के मकान से बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की बिक्री की जा रही है. सूचना के बाद विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 680 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की. इसके अलावा अलग से रखे गए लगभग 18 ग्राम ब्राउन शुगर को भी जब्त किया गया. पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थ की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है.
मौके से अजगर, सिनी निवासी महाराज अली और आदित्यपुर निवासी शबनम परवीन को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में पुलिस को नशे के कारोबार से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं.
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी लंबे समय से इलाके में ब्राउन शुगर के कारोबार में सक्रिय थे. पुलिस अब इस नेटवर्क के पीछे मौजूद बड़े सप्लायरों और अन्य कनेक्शन की तलाश में जुट गई है. जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि आखिर कपाली और आसपास के इलाकों में इतनी तेजी से नशे का कारोबार कैसे फैल रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में युवाओं के बीच नशे की लत तेजी से बढ़ी है और कई मोहल्लों में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं. लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अगर लगातार इसी तरह अभियान चलता रहा तो इलाके को नशे के जाल से बचाया जा सकता है.
यह मामला सिर्फ तीन तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इस बात का संकेत भी है कि कपाली और शहरी क्षेत्रों में ड्रग सिंडिकेट धीरे- धीरे अपनी जड़ें मजबूत कर रहा है. ऐसे में पुलिस के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचना और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना होगी.
इस छापेमारी दल में सब- इंस्पेक्टर अनीता सोरेन, कंचन ओझा, खुर्शीद आलम, एएसआई अख्तर अंसारी, टाइगर जवान विपुल कुमार समेत शस्त्रबल के जवान शामिल थे.
Report By Afroz Mallik

