कांड्रा: सरायकेला- खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलोपदा गांव स्थित अमलगम स्टील एंड पॉवर लिमिटेड के मुख्य गेट को गुरुवार सुबह से कालिंदी परिवारों ने जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी महिलाएं, पुरुष और छोटे बच्चों के साथ कंपनी गेट पर धरने पर बैठ गए हैं.

प्रदर्शन कर रहे कालिंदी परिवारों का आरोप है कि वर्ष 2003 में कंपनी स्थापना के लिए उनकी जमीन ली गई थी. उस समय प्रभावित परिवारों को रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक सभी परिवारों को नौकरी नहीं मिल सकी है.

आंदोलनकारियों का कहना है कि पिछले 13 वर्षों से वे लगातार स्थायी रोजगार की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन देकर टाल दिया गया. परिवारों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने अब तक अपनी प्रतिबद्धता पूरी नहीं की है. प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस मामले को लेकर कई बार कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता की गई. इसके अलावा उपायुक्त को भी लिखित शिकायत सौंपकर समाधान की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई.
धरने पर बैठे लोगों ने स्पष्ट कहा कि कंपनी या तो उनकी जमीन वापस करे अथवा सभी प्रभावित कालिंदी परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराए. गुरुवार सुबह से जारी गेट जाम के कारण कंपनी के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक कंपनी प्रबंधन और प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं कांड्रा पुलिस मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है.



