जामताड़ा: विधानसभा क्षेत्र के वीरग्राम गांव में बुधवार को श्री हरि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया. कार्यक्रम के तहत हरि मंदिर प्रांगण से विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, कुमारी कन्याएं और श्रद्धालु शामिल हुए.

कलश यात्रा गांव का भ्रमण करते हुए वीरग्राम नदी पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों द्वारा कलश में जल भरवाया गया. इसके बाद श्रद्धालु पुनः हरि मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना और प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए. पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा और जय श्रीराम तथा हरि नाम के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा.
इस धार्मिक आयोजन में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सह समाजसेवी बबिता झा, पंचायत मुखिया सह झारखण्ड मुक्ति मोर्चा जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, समाजसेवी भागीरथ पंडित, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण, भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता और सुभाष मिर्धा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
मौके पर बबीता झा ने कहा कि धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपरा की पहचान हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी भाईचारा और धार्मिक आस्था मजबूत होती है. साथ ही उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामीणों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना जरूरी है. कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
Report- Manish Baranwal



