बोकारो: बेरमो विधानसभा क्षेत्र के ढोरी 5 नंबर धौड़ा निवासी चार माह की गर्भवती दलित महिला अनीता देवी की बहुचर्चित हत्या के मामले में मुख्य आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. सोमवार को धनबाद सांसद ढुलू महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और झारखंड विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी पीड़ित परिवार के बुलावे पर मृतका के आवास पहुंचे.


इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिया. उन्होंने मृतका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों को बताया कि घटना के मुख्य आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण कार्रवाई में देरी हो रही है.
इस पर सांसद ढुलू महतो ने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के दायरे में लाना होगा. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे इस मामले को हर स्तर पर उठाएंगे और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे.
गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की. वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि दलित महिला की हत्या के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए.
जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और समर्थक भी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



