चतरा: पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 80 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा बरामद किया है. बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई से पंजाब तक फैले तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.


समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. सूचना थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के हरदीपुर गांव स्थित जोरदाग टोला में भारी मात्रा में डोडा जमा कर पंजाब भेजने की तैयारी चल रही है.
सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरदीपुर के जोरदाग टोला में छापेमारी की. इस दौरान तस्कर चंदन यादव के घर के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखा गया लगभग 80 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया.
हालांकि पुलिस की भनक लगते ही पंजाब से खरीदारी के लिए पहुंचे तस्कर, उसका सहयोगी और जायलो वाहन का चालक मौके से फरार हो गए. पुलिस ने बरामद डोडा को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले में लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. साथ ही पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके.
उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि चतरा पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है. नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. जिले में सक्रिय सभी तस्कर पुलिस की निगरानी में हैं और जल्द ही उन्हें कानून के शिकंजे में लाया जाएगा. इस छापेमारी अभियान में लावालौंग थाना के सहायक अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.



