रांची: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने बिजली चोरी के मामलों को लेकर आम उपभोक्ताओं और नागरिकों से सहयोग की अपील की है.

निगम की ओर से जारी ताज़ा रिपोर्ट में बताया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025- 2026 के तहत अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 तक राज्यभर में कुल 23,494 परिसरों पर बिजली चोरी के मामले दर्ज किए गए हैं.
इन मामलों में हुक लगाकर बिजली चोरी, मीटर बाइपास कर बिजली उपयोग और मीटर से छेड़छाड़ जैसी घटनाएं सामने आई हैं.
बिजली वितरण निगम के अनुसार मुख्यालय स्तर से हर महीने करीब पांच दिनों तक विशेष अभियान चलाकर बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई की जाती है. बिजली चोरी पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाती है.
इसके साथ ही जुर्माना वसूली, विद्युत आपूर्ति विच्छेद और अधिकतम पांच साल तक की सजा का भी प्रावधान है.
निगम ने जानकारी दी है कि राज्य के सभी 24 जिलों में शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों, फैक्ट्रियों, छोटी- बड़ी दुकानों और अन्य उपभोक्ताओं द्वारा की जा रही बिजली चोरी की सूचना आम नागरिक दे सकते हैं. बिजली चोरी से संबंधित सूचना संपूर्ण पता के साथ व्हाट्सएप या मैसेज के माध्यम से जीएम, एटी- पावर शेड के मोबाइल नंबर 9431135515 पर भेजी जा सकती है. बिजली वितरण निगम ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा. निगम ने आम लोगों से अपील की है कि बिजली चोरी रोकने में सहयोग कर राज्य के ऊर्जा संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.

