जामताड़ा: जामताड़ा के जुझारू समाजसेवी ध्रुव सरकार के निधन से शोकाकुल परिवार से मिलने स्थानीय विधायक सह स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी बुधवार को जामताड़ा स्टेशन स्थित काली मंदिर के समीप उनके आवास पहुंचे. मंत्री ने स्व. ध्रुव सरकार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया.


परिजनों से बातचीत के दौरान मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि ध्रुव सरकार का सामाजिक सरोकार और लोगों के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा. उन्होंने परिवार की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि सरकार की ओर से जो भी संभव मदद होगी, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. मंत्री ने विशेष रूप से उनकी पत्नी को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया.
बेटी को भी सरकारी योजना का लाभ दिलाने की पहल
मंत्री ने परिजनों से बातचीत के दौरान यह भी कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत स्व. ध्रुव सरकार की बेटी को भी जो भी पात्र लाभ मिल सकता है, उसे दिलाने की पहल की जाएगी. उन्होंने संबंधित योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के आधार पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. मंत्री ने कहा कि परिवार को इस कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. उन्होंने अधिकारियों से समन्वय कर सरकारी स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं और सहायता का लाभ परिवार तक पहुंचाने की बात कही. मंत्री के पहुंचने पर परिजनों ने अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं उनके समक्ष रखीं.मंत्री ने सभी बातों को गंभीरता से सुना और यथासंभव समाधान का भरोसा दिया. इस दौरान परिवार के सदस्यों में स्व. ध्रुव सरकार के परिजनों प्रदीप सरकार, तपन सरकार, नोंटू सरकार, अंजन सरकार, निलोय सरकार, सुजय सरकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे. बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

