जामताड़ा: अनुमंडल कार्यालय जल्द ही अपने नवनिर्मित भवन में शिफ्ट होगा. इसको लेकर उपायुक्त आलोक कुमार ने गुरुवार को वर्तमान अनुमंडल कार्यालय एवं नए भवन का विस्तृत निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय व्यवस्था, कर्मियों की उपस्थिति, लंबित कार्यों और नए भवन की तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए.
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सबसे पहले वर्तमान अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कर्मियों की उपस्थिति पंजी और विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी भी ली. निरीक्षण के दौरान एक कर्मी के देर से कार्यालय पहुंचने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और उसका अटेंडेंस अनुपस्थित दर्ज करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी कर्मियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यालय समय का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए और सभी अधिकारी-कर्मी अपने दायित्वों का निष्पक्ष एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें.

इसके बाद उपायुक्त ने नवनिर्मित अनुमंडल कार्यालय भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने भवन में बनाए गए विभिन्न विभागीय कक्ष, न्यायालय कक्ष, सभाकक्ष, सभागार, अधिकारियों के लिए डेडिकेटेड चैंबर, आगंतुक प्रतीक्षा कक्ष, कार्यालय कक्ष और वाहन पार्किंग की व्यवस्था का जायजा लिया. इसके अलावा प्रवेश और निकास मार्ग, लिफ्ट, अग्निशामक यंत्र, पेयजल व्यवस्था, शौचालय और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की भी बारीकी से समीक्षा की गई.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भवन के मॉडल नक्शे का भी अवलोकन किया. अधिकारियों ने उन्हें बताया कि नया भवन अनुमंडल कार्यालय को हस्तांतरित कर दिया गया है और जल्द ही यहां से कार्य संचालन शुरू किया जाएगा.
उपायुक्त आलोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भवन में साफ-सफाई, फर्नीचर, बिजली व्यवस्था और अन्य लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि बिना किसी परेशानी के कार्यालय को नए भवन में शिफ्ट किया जा सके.
उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को यह भी निर्देश दिया कि भवन के किस फ्लोर पर किस अधिकारी का कार्यालय होगा, इसका विस्तृत आकलन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए. साथ ही नए भवन में अनुमंडल कार्यालय समेत अन्य कार्यालयों की शिफ्टिंग को लेकर चरणबद्ध योजना तैयार करने को कहा.
जिला प्रशासन की इस पहल को जामताड़ा में प्रशासनिक व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. नए भवन में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से न केवल प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि आम लोगों को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, प्रभारी नजारत उप समाहर्ता विकेश कुणाल प्रजापति समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
Report By Manish Baranwal

