
जामताड़ा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची के अद्यतन की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार के नेतृत्व में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच एन्यूमरेशन (Enumeration) फॉर्म का वितरण कर रहे हैं.


बुधवार अपराह्न 4 बजे तक जिले के कुल 5,70,633 मतदाताओं में से 2,83,660 मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं. यह जिले के कुल मतदाताओं का 49.71 प्रतिशत है. वहीं अब तक 54,979 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है. जो कुल मतदाताओं का 9.63 प्रतिशत है.
नाला विधानसभा क्षेत्र की स्थिति
नाला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,43,895 मतदाताओं के लिए तैनात 336 बीएलओ ने अब तक 1,22,710 फॉर्म वितरित किए हैं. यहां फॉर्म वितरण की प्रगति 50.31 प्रतिशत रही. जबकि 26,843 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर 11.01 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है.
जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र की स्थिति
जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,26,738 मतदाताओं के लिए कार्यरत 366 बीएलओ ने 1,60,950 फॉर्म वितरित किए हैं. यहां वितरण का प्रतिशत 49.26 रहा. जबकि 28,136 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर 8.61 प्रतिशत प्रगति हासिल की गई है.
उपायुक्त ने दिए निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रत्येक पात्र मतदाता तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाने तथा प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में और तेजी लाने का निर्देश दिया है.
मतदाताओं से अपील
उपायुक्त ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए गए एन्यूमरेशन फॉर्म को शीघ्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ को जमा करें. समय पर फॉर्म जमा करने से मतदाता सूची का अद्यतन कार्य सुचारु रूप से पूरा होगा और भविष्य में मतदान के अधिकार से वंचित होने की स्थिति नहीं बनेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





