
सरायकेला: थाना पुलिस ने गैर-जमानती वारंट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गोमा मुण्डरी उर्फ कोन्दा मुण्डरी (30) को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया. जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में फरार वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नातीडीह, थाना सरायकेला का रहने वाला है. उसके विरुद्ध न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था. वारंट के निष्पादन को लेकर पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया.
थाना प्रभारी ने क्या कहा
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों का निष्पादन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. जिले में फरार वारंटियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में कोई फरार आरोपी या वारंटी छिपा हुआ है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस अपराध नियंत्रण, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
प्रमोद सिंह (संपादक)





