जामताड़ा: साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का अधिकारी बताकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई.


जानकारी के अनुसार, एसपी के निर्देश पर साइबर अपराध थाना के पुलिस निरीक्षक प्रकाश सेठ के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक वैभव सिंह सहित एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ से ईदगाह जाने वाली पक्की सड़क के किनारे रानीटांड़ गांव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान के पास छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने साइबर अपराध में संलिप्त एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी गालिब अंसारी के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को फोन कर स्वयं को SBI का अधिकारी बताता था. वह क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया क्रेडिट कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाता था. इसके बाद वह क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देता था.
इस संबंध में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 33/26, दिनांक 05 जून 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य मामलों की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



