
जामताड़ा: जिले के सलानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपनारायणपुर फाड़ी पुलिस ने अवैध हथियार के साथ झारखंड के एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए किसी बड़ी आपराधिक साजिश की आशंका के मद्देनजर जांच में जुट गई है.


गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर यादव (28) के रूप में हुई है. वह झारखंड के धनबाद जिले के चिरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमारधुबी-मैथन मोड़ का निवासी है. रविवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू की गई.
पुलिस के अनुसार. शनिवार शाम रूपनारायणपुर फाड़ी की टीम केबल्स क्वार्टर इलाके में नियमित गश्त कर रही थी. इसी दौरान एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता दिखाई दिया. पुलिस वाहन को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया.
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और एक राउंड जिंदा कारतूस बरामद हुआ. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का इस सीमावर्ती इलाके में नियमित आना-जाना था. घटना के दिन वह हथियार लेकर वहां किसका इंतजार कर रहा था और उसका उद्देश्य क्या था, इसका पता लगाने में पुलिस जुटी है. पुलिस का मानना है कि बरामद हथियार को देखते हुए किसी बड़ी वारदात या गैंगवार की तैयारी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. हालांकि अभी जांच जारी है और पुलिस ने किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है.
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में इस मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





