
जामताड़ा: सालानपुर थाना क्षेत्र स्थित ईसीएल के बनजेमिहारी ओसीपी परिसर में रविवार सुबह एक युवती का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव पत्थरों के बीच पड़ा मिला. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.


स्थानीय लोगों की मदद से मृतका की पहचान शिवदासपुर निवासी रघुनाथ बाउरी की 26 वर्षीय पुत्री पूर्णिमा बाउरी के रूप में की गई. परिजनों के अनुसार, पूर्णिमा मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अक्सर घर से निकल जाती थी, लेकिन कुछ समय बाद वापस लौट आती थी. इस बार घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटी, जिसके बाद सालानपुर थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई थी.

घटना के बाद परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवती की मौत दुर्घटनावश हुई, किसी अन्य कारण से हुई या उसके पीछे कोई आपराधिक घटना है. फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





