
जामताड़ा: जिला कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित स्व. राजीव रंजन मिश्रा मेमोरियल कबड्डी चैंपियनशिप का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ. पूरे टूर्नामेंट में ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी भारत का दबदबा देखने को मिला. अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका दोनों वर्गों का खिताब जीतकर डबल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.


प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की 10 तथा बालक वर्ग की 8 टीमों ने हिस्सा लिया. बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी भारत ने डेंजर क्लब को 38-27 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की. वहीं गर्ल हाई स्कूल की टीम तीसरे स्थान पर रही.

बालक वर्ग के फाइनल में भी ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी भारत ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शहडोल वॉरियर्स को 26-08 के एकतरफा मुकाबले में हराकर खिताब पर कब्जा जमाया. नन्ही स्टार क्लब तीसरे स्थान पर रहा.
प्रतियोगिता का उद्घाटन मिहिजाम नगर के सिटी मैनेजर विजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है. साथ ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.
समापन समारोह में मनीष बरनवाल, अनिमेष मधुकर, कमल गुप्ता, देवाशीष घोष, रवि मिस्त्री, गोलू साव, ओम प्रकाश सिंह, राज कमल सिंह, अरविंद कुमार ओझा और राजवीर पटेल सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं दर्शक मौजूद रहे.
आयोजन के सफल संचालन पर राज कमल सिंह ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया. पूरे आयोजन में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि जामताड़ा में कबड्डी का भविष्य लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





