जामताड़ा: नाला-अफजलपुर मुख्य मार्ग पर बहादुरडी मोड़ के समीप शनिवार एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान एकलव्यपुर निवासी प्रदीप मंडल (40), पिता सजनीकांत मंडल के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक बहादुरडी निवासी कार्तिक पाल (35), पिता सुनील पाल बताया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. बताया गया कि प्रदीप मंडल अपने परिजन व बहादुरडी निवासी कार्तिक पाल के साथ बाइक से नाला प्रखंड के ताराचटिया गांव स्थित अपने ससुराल में आयोजित श्राद्ध कर्म में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बहादुरडी मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में उनकी बाइक आ गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रदीप मंडल की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि कार्तिक पाल गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. घायल कार्तिक पाल को तत्काल पश्चिम बंगाल स्थित गौरी देवी मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटनास्थल सुनसान होने के कारण दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिल सके. पुलिस आसपास के क्षेत्र में अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जानकारी जुटा रही है.


मुआवजे के आश्वासन पर समाप्त हुआ सड़क जाम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गये. आक्रोशित लोगों ने उचित सरकारी मुआवजे की मांग को लेकर नाला-अफजलपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना पर नाला प्रभाग के पुलिस निरीक्षक बिहारी मरांडी, नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव समेत विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे. इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा और पूर्व प्रत्याशी माधव चंद्र महतो भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस-प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत के बाद उचित सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया. जाम हटने के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए जामताड़ा भेज दिया.
कपड़ा बेचकर परिवार चलाता था प्रदीप
परिजनों के अनुसार प्रदीप मंडल मोटरसाइकिल से गांव-गांव जाकर कपड़ा बेचने का काम करता था. उसके परिवार में एक पुत्र और एक विवाहित पुत्री है. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश की जा रही है. अंत्यपरीक्षण के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
घटनास्थल पर पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा, पूर्व प्रत्याशी माधव चंद्र महतो, सुकमणि हेंब्रम, संतोष मंडल, विश्वनाथ सिंह, रंजीत तिवारी, कैलाश मंडल, गिरधारी ठाकुर, पीएलबी साधना गोराईं समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता-कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

