सरायकेला: खरकई लिफ्ट सिंचाई योजना के कमांड क्षेत्र में खेतों तक पानी पहुंचाने और सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जल उपभोक्ता समितियों का गठन किया गया है. योजना में केंद्र सरकार की 60 प्रतिशत वित्तीय भागीदारी है. अब जल वितरण से लेकर सिंचाई तंत्र के रखरखाव तक में किसानों की सीधी भागीदारी होगी.


निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्येक पांच हेक्टेयर कृषि क्षेत्र से एक प्रतिनिधि का चयन किया गया. कुल 226 प्रतिनिधियों के चयन के बाद 17 सदस्यीय कार्यकारिणी समितियां गठित की गईं, जिनका कार्यकाल तीन वर्ष होगा.

गम्हरिया अंचल के गंजिया स्थित किसान भवन में 10 गांवों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पर्वती सरदार को अध्यक्ष चुना गया. वहीं राजनगर अंचल के बाना पंचायत के जोटा में 11 गांवों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में भीमखांदा जल उपभोक्ता समिति का गठन हुआ, जिसमें रुद्र प्रताप अध्यक्ष चुने गए.
ग्राम सभाओं की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता सह राज्य नोडल पदाधिकारी कुमार अरविन्द ने की. अधिकारियों के अनुसार समितियों के गठन से पानी के उचित वितरण, सिंचाई तंत्र के रखरखाव और किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराने में बेहतर तालमेल स्थापित हो सकेगा.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

