जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र में एक महिला से भूत-प्रेत और बुरी शक्तियों का भय दिखाकर सोने- चांदी के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है. पीड़ित महिला युवराज एन्क्लेव की रहने वाली बताई जा रही है.


जानकारी के अनुसार महिला दूध लेने मून सिटी गई थी. इसी दौरान दो अज्ञात लोगों ने उसे अपनी बातों में उलझाया और कथित तौर पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर डराया. इसके बाद दोनों ने महिला से उसके सोने-चांदी के आभूषण उतरवा लिए और मौका मिलते ही आभूषण लेकर फरार हो गए.
कुछ देर बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ तो वह चीखने-चिल्लाने लगी. मौके पर पहुंचे स्थानीय युवकों ने महिला को शांत कराया और मामले की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और भय दिखाकर ठगी करने वाले गिरोहों से सतर्क रहने की जरूरत को सामने ला दिया है.

