राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोलो कुटुंग में सार्वजनिक दुर्गापूजा समाज कल्याण समिति इस वर्ष दुर्गा पूजा आयोजन के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मना रही है. पांच दशकों से चली आ रही इस परंपरा के स्वर्णिम वर्ष को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल है.


173 कन्याओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
स्वर्णिम वर्ष के अवसर पर 173 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई. इसके साथ मां दुर्गा के नवदुर्गा स्वरूपों की प्रतिमाओं की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा की गई. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया. विजयादशमी की संध्या पर रावण दहन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जो इस वर्ष के उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा.
सुरक्षा के लिए CCTV और स्वयंसेवकों की तैनाती
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए पूजा पंडाल एवं आसपास के क्षेत्र में CCTV कैमरे लगाए गए हैं. आग से बचाव के इंतजाम के साथ स्वयंसेवकों को भी तैनात किया गया है. आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन से भी सहयोग लिया जा रहा है.

आयोजन में समिति के अध्यक्ष जवाहरलाल गोप, सचिव रामेश्वर दाश और कोषाध्यक्ष मदन लाल दाश के साथ नरेश दाश, अध्यापद दाश, गणेश महतो, लक्खी गोप, गुरवा सरदार, राजेश महाकुड़, चंदन खंडवाल, संजीव दाश, राकेश दाश, सत्यम गोप, श्रीपति गोप, प्रदीप महाकुड़ और अशोक सरदार सहित ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
गोलो कुटुंग में दुर्गा पूजा की आधी सदी पूरी होने का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ गांव की सामूहिक सहभागिता और वर्षों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा को भी आगे बढ़ा रहा है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

