आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत जयसवाल स्टील इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में शनिवार को काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. जहां ऊंचाई पर कार्य कर रहे दो मजदूर अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा- तफरी मच गई और अन्य मजदूरों में दहशत फैल गई.

इस हादसे में नीचे काम कर रहे दो अन्य मजदूर ठाकुर बेसरा और रंजीत जेना भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक मजदूर करीब 20 फीट की ऊंचाई पर निर्माण कार्य में लगे हुए थे. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वे नीचे जा गिरे और नीचे काम कर रहे मजदूरों पर ही गिर पड़े, जिससे चारों गंभीर रूप से घायल हो गए. साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत MGM हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों की पहचान गम्हरिया के नीलडूंगरी निवासी रामू मुर्मू (30) और लखींद्र हांसदा (28) के रूप में हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था. मजदूरों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था. ऊंचाई पर काम करने के बावजूद सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे. उनका कहना है कि यदि सुरक्षा इंतजाम होते तो यह हादसा टल सकता था.
घटना के बाद एक और गंभीर पहलू सामने आया है. दोनों मृतक ठेका श्रमिक थे और हादसे के बाद ठेकेदार के लोग अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गए. इस पर मजदूरों और परिजनों में आक्रोश देखा जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने कंपनी से उचित मुआवजा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि आदित्यपुर समेत औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी लगातार बढ़ रही है, जिससे इस तरह के हादसे बार- बार सामने आ रहे हैं.

