जामताड़ा: नगर पंचायत क्षेत्र में नगर निकाय के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी की शिकायत पर जामताड़ा थाना में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.


जानकारी के अनुसार कुछ लोग नगर पंचायत का नाम लेकर दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहे थे. इस संबंध में लगातार शिकायतें मिलने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने मामले की जांच कराई. जांच में सामने आया कि संबंधित लोग बिना किसी वैध अधिकार, पहचान पत्र या अधिकृत दस्तावेज के लोगों से धन की मांग कर रहे थे.
नगर पंचायत प्रशासन ने इसे अवैध वसूली के साथ- साथ सरकारी संस्था की छवि धूमिल करने और आम जनता को भ्रमित करने का प्रयास बताया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यपालक पदाधिकारी ने जामताड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जामताड़ा थाना कांड संख्या 75/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अवैध वसूली में शामिल लोगों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है.
प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि बिना वैध रसीद, पहचान पत्र या अधिकृत दस्तावेज के किसी भी व्यक्ति को भुगतान न करें. यदि कोई नगर पंचायत या किसी सरकारी संस्था के नाम पर धन की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें. पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जांच में दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



