जामताड़ा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की ओर से रविवार को परिषद कार्यालय में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रशिक्षण एवं बूथ कमेटी सम्मेलन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने की.


बैठक में आगामी 11 जून 2026 को होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने तथा एसआईआर कार्यक्रम को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. इसमें जिला कमेटी, केंद्रीय समिति, प्रखंड एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारियों ने भाग लिया.
जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि एसआईआर कार्यक्रम संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इसके माध्यम से बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की.
झामुमो नेता सह जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार मंडल ने कहा कि एसआईआर प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाएगा और बूथ कमेटियों की सक्रिय भागीदारी से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी.
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि झामुमो के महासचिव विनोद पांडे 11 जून को आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. उनके आगमन को लेकर तैयारियों और विभिन्न जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई.
बैठक में जिला उपाध्यक्ष रविंद्र नाथ दुबे, प्रो. कैलाश प्रसाद, जिला सचिव परेश यादव, इम्तियाज अंसारी, केंद्रीय समिति सदस्य आनंद टुडू, बासुदेव मरांडी, लालू अंसारी, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष सगीर खान, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मेरी मरांडी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



