कांड्रा: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ सरायकेला-खरसावां द्वारा आयोजित बी डिवीजन लीग 2025-26 के फाइनल मुकाबले में चैंपियंस क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टूडेंट्स क्लब बी को 7 विकेट से पराजित कर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया. कांड्रा स्थित एसकेजी मैदान में खेले गए इस मुकाबले के साथ प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ.


टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी चैंपियंस क्रिकेट क्लब की टीम ने अनुशासित गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए स्टूडेंट्स क्लब बी को 24.1 ओवर में 137 रन पर समेट दिया. स्टूडेंट्स क्लब बी की ओर से अमन मिश्रा और रौशन कुमार ने 33-33 रन बनाए. वहीं चैंपियंस क्रिकेट क्लब के प्रणय सूरी ने 13 रन देकर 3 विकेट और अहमद ने 9 रन देकर 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को झकझोर दिया.
138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चैंपियंस क्रिकेट क्लब की टीम ने 21.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 141 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया. प्रियांशु सिंह ने 22 गेंदों पर नाबाद 39 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि अहमद ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई.
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. स्टूडेंट्स क्लब बी के अमन मिश्रा को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ एवं ‘बेस्ट बैटर’ चुना गया. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 149.71 की स्ट्राइक रेट से 256 रन बनाए और 8 विकेट भी हासिल किए. वहीं चैंपियंस क्रिकेट क्लब के आराध्य गुप्ता को ‘बेस्ट बॉलर’ का पुरस्कार दिया गया. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 16 विकेट अपने नाम किए.
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुधीर महतो उपस्थित रहे. विशिष्ट अतिथियों में लालबाबू महतो, राम महतो, होनी सिंह मुंडा, गिरीश वार्ष्णेय, अमरीश गोस्वामी, प्रमोद सिंह, नीरज सिंह एवं शक्तिपद आचार्य शामिल रहे. सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया.
फाइनल मुकाबले के आयोजन में सरायकेला क्रिकेट अकादमी, कांड्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आयोजन समिति ने खिलाड़ियों, अतिथियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय



