जामताड़ा/ Manish Barnwal सदर अस्पताल में सोमवार को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ उपायुक्त रवि आनंद द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इस मौके पर उपायुक्त ने जिले के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीके से अवश्य लाभान्वित कराएं, ताकि भविष्य में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके.

उन्होंने बताया कि यह अभियान 29 जून तक संचालित होगा, जिसके तहत सदर अस्पताल के साथ- साथ 9 सीएचसी और पीएचसी केंद्रों में कुल 8101 लक्षित बच्चियों को टीका लगाया जाएगा. सभी चिन्हित टीकाकरण केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी टीका मानव पैपिलोमा वायरस के संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करता है, जो सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है. उन्होंने टीकाकरण के दौरान निर्धारित गाइडलाइन का पालन करने तथा टीके को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया.
सिविल सर्जन डॉ शिव प्रसाद मिश्रा ने बताया कि टीकाकरण के बाद बाएं हाथ की तर्जनी उंगली पर पहचान चिह्न लगाया जाएगा, जिससे निगरानी और पहचान में सुविधा होगी.
इस दौरान 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों को चिकित्सकों की देखरेख में टीका लगाया गया. कार्यक्रम में डीआरसीएचओ डॉ निलेश कुमार, डीएस डॉ दिनेश प्रसाद, डीपीएम प्रदीप कुमार महतो, अस्पताल प्रबंधक उज्जवल कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.

