जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र स्थित उलीडीह ओपी इलाके में सोमवार शाम करीब 5:30 बजे फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई. उमा टिफिन के पास बाइक सवार अपराधियों ने आल्टो कार में सवार विक्की सिंह राजपूत को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. हमले में विक्की को तीन गोलियां लगीं, लेकिन किस्मत से उसकी जान बच गई. घटना में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है. बताया जा रहा है कि करीब तीन साल पहले लल्ला नामक युवक के साथ विक्की का विवाद हुआ था, जिसे इस वारदात से जोड़कर देखा जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. घायल युवक को तत्काल एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.

