जामताड़ा/ Manish Baranwal JSCA सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट एलीट ग्रुप एचपी बोधनवाला टूर्नामेंट में जामताड़ा की टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए एक और ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. ओवल ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में जामताड़ा ने रांची को 42 रन से हराकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया.

मैच में जामताड़ा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 388 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में रांची की टीम 45 ओवर में 346 रन पर ऑल आउट हो गई.
जामताड़ा की बल्लेबाजी में राम रोशन ने 109 गेंदों पर 149 रन की शानदार पारी खेली. वहीं अविनाश कुमार ने 112 गेंदों पर 110 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. मुकेश कुमार ने 18 गेंदों में 46 रन और तालिब खान ने 29 गेंदों में 33 रन का योगदान दिया.
गेंदबाजी में भी जामताड़ा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. अविनाश कुमार ने 3 विकेट झटके, जबकि ऋतिक अनंत, प्रिंस अनुराग मुर्मू और ओम सिंह ने 2- 2 विकेट हासिल किए. रांची की ओर से राजनदीप सिंह ने 107 रन और अनमोल राज ने 72 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.
इस जीत के साथ जामताड़ा ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरा बड़ा इतिहास रच दिया है. इससे पहले टीम ने 399 रन के लक्ष्य का सफल पीछा कर सबको चौंका दिया था. जामताड़ा क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने टीम को इस शानदार जीत के लिए बधाई दी और आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं दी हैं.

