जमशेदपुर: जिला निष्कासन यानी तड़ीपार के आदेश के बावजूद चोरी-छिपे जमशेदपुर में प्रवेश करने के आरोप में साकची पुलिस ने राजकुमार सिंह उर्फ दाना को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं.


पुलिस को 2 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनारी थाना के CCA Case No. 89/24-25 के तहत झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(3)(a) में जिलाबदर किया गया राजकुमार सिंह उर्फ दाना साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह स्थित दुर्गा मंदिर के आसपास मौजूद है.
पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि वह अपने कुछ साथियों के साथ किसी संज्ञेय अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल साकची थाना पुलिस की टीम गठित की गई.
काशीडीह-सीतारामडेरा रोड पर घेराबंदी
छापेमारी दल में साकची थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक गोपाल कृष्ण यादव, पुलिस अवर निरीक्षक अभिनव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अविनाश उरांव तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस टीम ने काशीडीह से सीतारामडेरा की ओर जाने वाली सड़क पर पुल के समीप छापेमारी की और राजकुमार सिंह उर्फ दाना को पकड़ लिया.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने जिलाबदर रहने के बावजूद चोरी-छिपे जिले की सीमा में प्रवेश करने की बात स्वीकार की. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
कई मामलों में पहले भी दाखिल हो चुका है आरोप-पत्र
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजकुमार सिंह उर्फ दाना के खिलाफ जमशेदपुर के अलग-अलग थानों में आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें कई मामलों में उसके खिलाफ आरोप-पत्र भी न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है.
इस कार्रवाई का अहम पहलू यह है कि CCA के तहत जिलाबदर किए जाने के बावजूद आरोपी दोबारा जिले में दाखिल हो गया था. पुलिस को समय रहते इसकी सूचना मिली और किसी संभावित वारदात से पहले ही उसे पकड़ लिया गया.

