
जामताड़ा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) की ओर से बालगृह, जामताड़ा में सोमवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बालगृह में रह रहे बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, संरक्षण संबंधी प्रावधानों तथा मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के प्रति जागरूक करना था. वर्तमान में बालगृह में रह रहे 11 बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया.


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएलएसए के सचिव पवन कुमार ने बच्चों को उनके अधिकारों, कानूनी सुरक्षा और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार समय- समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सचेत करने का कार्य करता है.
उन्होंने मानव तस्करी को गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि तस्कर अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बहला-फुसलाकर महानगरों में ले जाते हैं और उनसे बाल श्रम कराते हैं. ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए बच्चों, अभिभावकों और समाज का कानूनी रूप से जागरूक होना बेहद जरूरी है.
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई. प्रतियोगिता में राजू ने प्रथम, आनंद ने द्वितीय तथा मोहम्मद फैसल अंसारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. सभी विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया.
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी (DCPO), पीओआईसी (POIC), पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLV), काउंसलर तथा बालगृह के सभी कर्मी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन बालगृह के अधीक्षक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





