
जमशेदपुर: हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद कानून- व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पूर्वी सिंहभूम एसएसपी ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है. अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने ट्रैफिक शाखा में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए 42 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया है. साथ ही शहर के सभी ट्रैफिक थानों से पांच- पांच जवानों को विभिन्न थानों में प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि गश्त, अपराधियों की धरपकड़ और त्वरित कार्रवाई को और मजबूत बनाया जा सके.


पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार ट्रैफिक थाना साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई, गोलमुरी और मानगो में तैनात अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक और महिला सहायक अवर निरीक्षकों को शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न थानों, सीसीआर और पुलिस केंद्र में पदस्थापित किया गया है. सभी अधिकारियों को तत्काल नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है.
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में शहर में हत्या, लूट, छिनतई और फायरिंग जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे थे. ऐसे में ट्रैफिक शाखा से अनुभवी अधिकारियों और जवानों को थानों में भेजने का फैसला लिया गया है, ताकि अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके.
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस फेरबदल के बाद रात में गश्त बढ़ेगी, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी मजबूत होगी और किसी भी आपराधिक घटना पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी. उन्होंने कहा हेलमेट जांच से ज्यादा जरुरी आम लोगों की सुरक्षा है. ट्रैफिक पुलिस हेलमेट की जांच करें बाकी काम थाना स्तर के अधिकारी करेंगे. ट्रैफिक शाखा से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के हटने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है. एसएसपी का कहना है कि कानून- व्यवस्था और अपराध नियंत्रण फिलहाल सर्वोच्च प्राथमिकता है. एसएसपी ने बताया कि पुलिस केंद्र, गोलमुरी को सभी स्थानांतरित अधिकारियों का योगदान सुनिश्चित कराने और अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. साथ ही उन्होंने संकेत दिया है कि जल्द ही और पदाधिकारियों और जवानों को थानों में प्रतिनियुक्त किया जाएगा.
पुलिस महकमे में इस बड़े फेरबदल को हाल के वर्षों की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज होगा तथा कानून- व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इसी तरह के अन्य कदम भी उठाए जा सकते हैं.
इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत यातायात थाना साकची से पुअनि. कामाख्या पासवान को टेल्को थाना, पुअनि. रमेश कुमार पाण्डेय को कमलपुर थाना, सअनि. रामाकांत राम को सीसीआर साकची, सअनि. नरेश प्रसाद महतो को श्यामसुंदरपुर थाना, महिला सअनि. अर्चना कुमारी को बिष्टुपुर थाना, सअनि. उमेश सिंह को गुड़ाबांदा थाना, सअनि. पारस सिंह को मुसाबनी थाना, सअनि. सुबोध कुमार को कमलपुर थाना, सअनि. नरेंद्र कुमार को डुमरिया थाना, सअनि. संजय कुमार-1 एवं दिनेश कुमार नौनिया को सीसीआर साकची भेजा गया है.
वहीं यातायात थाना बिष्टुपुर से पुअनि. अरविंद राय को घाटशिला थाना, सअनि. खालिक अहमद अंसारी को पटमदा थाना, सअनि. लाल बिहारी राम को गालूडीह थाना, सअनि. नरेंद्र सिंह को घाटशिला थाना, सअनि. प्रमोद कुमार सिंह-2 को कोवाली थाना, सअनि. कौलेश्वर बास्की को पोटका थाना, सअनि. संतोष कुमार-1 को साकची थाना तथा सअनि. अजीत कुमार राय को गोलमुरी थाना में पदस्थापित किया गया है.
यातायात थाना जुगसलाई से पुअनि. चेंगो राम पिंगुआ को सुंदरनगर थाना, पुअनि. बाबूराम सिंह को पुलिस केंद्र गोलमुरी, सअनि. भेषनंदन राय को गोविंदपुर थाना, सअनि. रामलाल राम-1, जय कुमार दास एवं सुंदर राम को जुगसलाई क्षेत्र में नई जिम्मेदारी, सअनि. जितेंद्र कुमार-3 को सीसीआर साकची तथा सअनि. शमशाद आलम को पटमदा थाना भेजा गया है.
यातायात थाना गोलमुरी से सअनि. भीमसागर राम, निर्भय कुमार सिंह, कुमार विनय एवं प्रभु राम को सीसीआर साकची, सअनि. रंजन कुमार को बर्मामाइंस थाना तथा सअनि. नरेश कुमार राम को घाटशिला थाना भेजा गया है.
इसी प्रकार यातायात थाना मानगो से सअनि. अशेष कुमार पासवान, कामता प्रसाद सिंह, बृजेश सिंह, ख्रीस्त निकोदिम बेज एवं प्रमोद रजवार को सीसीआर साकची, सअनि. मोतीलाल को पुलिस केंद्र गोलमुरी, सअनि मो. औरंगजेब-1 को आजादनगर थाना तथा सअनि. दिलीप कुमार-1 को गोविंदपुर थाना में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं परिचारी प्रवर यातायात कार्यालय से सअनि. ब्रजेश कुमार-2 एवं बोधी रजक को भी सीसीआर साकची में पदस्थापित किया गया है.





