जामताड़ा: जामताड़ा प्रखंड के पाकडीह स्थित फूलडंगाल मैदान में रविवार को आयोजित एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ.


प्रतियोगिता में क्षेत्र की आठ टीमों ने हिस्सा लिया. रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल में लायंस क्लब पाकडीह ने वाईएमसी क्लब धनबाद को 14 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया.
टूर्नामेंट का उद्घाटन सुपायडीह पंचायत के उपमुखिया प्रतिनिधि आरिफ हुसैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और नशा जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की.
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए लायंस क्लब पाकडीह ने निर्धारित पांच ओवर में 58 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाईएमसी क्लब धनबाद की टीम निर्धारित ओवरों में 44 रन ही बना सकी. इस तरह लायंस क्लब पाकडीह ने 14 रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि आरिफ हुसैन ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया. उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के नियमित आयोजन की बात कही.
इस अवसर पर आयोजन समिति के मसरुद्दीन अंसारी, शाहबाज आलम, वसीम अंसारी, एजाज अंसारी, अब्दुल समी, मेराज अंसारी, हैदर अंसारी, शाकिर अंसारी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. पूरे आयोजन के दौरान मैदान में दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





