सरायकेला: रविवार का दिन सरायकेला थाना क्षेत्र के मुड़कुम पंचायत स्थित नुआगुड़ा गांव के लिए कभी न भूलने वाली त्रासदी बन गया. जिस घर में मृतका की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध कर्म चल रहा था, उसी दौरान अचानक गिरी आसमानी बिजली ने मातम को और गहरा कर दिया. इस दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय रोशनी सुरेन और 32 वर्षीय सोनू सरदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.


जानकारी के अनुसार गांव में एक महिला का श्राद्ध कर्म आयोजित था. परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में अंतिम धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए थे. इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ बिजली वहां मौजूद लोगों पर गिर पड़ी. हादसे के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि कई लोग जमीन पर गिर पड़े.
इस हादसे में 9 वर्षीय रोशनी सुरेन और 32 वर्षीय सोनू सरदार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं 6 वर्षीय मालती सुरेन, बेबी सुरेन समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं.
इस हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर 9 वर्षीय रोशनी सुरेन की है. ग्रामीणों के अनुसार रोशनी पहले ही अपने पिता को खो चुकी थी. रविवार को उसकी मां का श्राद्ध कर्म हो रहा था. मां की आत्मा की शांति के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुई रोशनी भी आसमानी बिजली की चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई. पिता पहले ही दुनिया छोड़ चुके थे और अब मां के श्राद्ध वाले दिन इकलौती बेटी की भी मौत हो जाने से परिवार पूरी तरह उजड़ गया. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस टीम और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
घटना के बाद पूरे नुआगुड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है. जिस घर में श्राद्ध के बाद शांति की प्रार्थना होनी थी, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का दर्द गूंज रहा है. ग्रामीणों ने इसे गांव के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताया. प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने और मामले की निगरानी का आश्वासन दिया.
प्रमोद सिंह (संपादक)





