जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के पास रविवार को दिनदहाड़े रेलवे की महिला कर्मी के साथ चेन स्नेचिंग की सनसनीखेज वारदात हुई. ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही महिला कर्मी एम. भवानी को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया और उनकी चेन छीनने का प्रयास किया.


पीड़िता ने जब बदमाशों का विरोध किया, तो दोनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि बदमाशों ने महिला को सड़क पर घसीटा, उसके कपड़े फाड़ दिए और चापड़ दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद दोनों आरोपी मौके से भागने लगे.
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा किया. स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा. पकड़े गए आरोपी की पहचान गोलमुरी निवासी शिव कुमार मछुआ के रूप में हुई है. आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे बागबेड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
बताया गया कि पीड़िता एम. भवानी विश्व हिंदू परिषद से भी जुड़ी हुई हैं. घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बागबेड़ा थाना पहुंचे. कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए महिला के साथ मारपीट, चेन स्नेचिंग की घटना और फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी मांग उठाई.
बागबेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





