जामताड़ा: भाजपा नगर इकाई की मासिक संगठनात्मक बैठक शनिवार को सरखेलडीह में नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी और पर्यावरण संरक्षण अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.


बैठक में नगर प्रभारी संजू देवी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया. साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि जामताड़ा नगर इकाई की यह दूसरी मासिक बैठक थी, जिसमें सभी वार्डों और बूथों के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण करने और लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और पार्टी विस्तार को लेकर भी रणनीति तैयार की गई. कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखने की अपील की गई.
जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक चलने वाले पर्यावरण संरक्षण अभियान की जानकारी दी. उन्होंने झारखंड में प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम तथा बीएलओ-2 प्रशिक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया.
बैठक में जिला महामंत्री कमलेश मंडल, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल एवं सुजाता सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या, जिला कोषाध्यक्ष चंदन राउत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



