चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत गोबिंदपुर पंचायत में शनिवार को सिंहभूम सांसद जोबा माझी और उपायुक्त मनीष कुमार ने क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और नवाचारों का निरीक्षण किया. इस दौरान दोनों ने पंचायत क्षेत्र में संचालित योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना.


भ्रमण के दौरान “स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान” के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया. पंचायत सचिवालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. साथ ही पढ़ाई छोड़ चुकी एक छात्रा को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने और मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित कर उसका उत्साहवर्धन किया गया.
उपायुक्त मनीष कुमार ने ग्रामीणों को मिशन उदय, मलेरिया माह, रक्तदान शिविर, तिथि भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित बाल भोज जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी. उन्होंने लोगों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की.
सांसद जोबा माझी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है. उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन द्वारा संचालित नवाचारों और विकास कार्यक्रमों से जुड़कर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया.
निरीक्षण के क्रम में पंचायत भवन में चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों और ज्ञान केंद्र का अवलोकन किया गया. इस दौरान मंईयां कक्ष, ऊर्जा कक्ष और हैंड वॉश यूनिट की स्थापना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. इसके बाद आहार दिवस के अवसर पर जन वितरण प्रणाली दुकान में राशन वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया गया तथा लाभुकों के बीच धोती और साड़ी का वितरण भी किया गया. अधिकारियों ने 4जी ई-पोश मशीन और ई-केवाईसी कार्यों की भी समीक्षा की.
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सांसद और उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभुक हिरालाल दास के नव निर्मित आवास का निरीक्षण किया. गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होकर लाभुक को उपहार स्वरूप प्रेशर कुकर भेंट किया गया और नए घर के लिए शुभकामनाएं दी गईं.
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि विकास योजनाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंच सके.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



