जामताड़ा: सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया. एक साथ तीन बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये.


जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर गांव के तीन बच्चे एक साथ खेल रहे थे. खेलते-खेलते तीनों घर से करीब आधा किलोमीटर दूर चिरकुटोला स्थित तालाब के पास पहुंच गये. इसी दौरान वे तालाब के गहरे पानी में चले गये और डूबने लगे. बच्चों को डूबता देख आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में उतरकर उन्हें बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया.
ग्रामीणों के प्रयास से तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. मृतकों की पहचान आर्यन अंसारी (5), पिता जसीमुद्दीन अंसारी, नासिर अंसारी (लगभग 6), पिता तबारक अंसारी और अमर सोहेल (लगभग 6), पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है.
कुछ देर पहले खेल रहे थे, अचानक छा गया मातम
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ देर पहले तक तीनों बच्चे गांव में सामान्य रूप से खेल रहे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद ऐसी दर्दनाक घटना हो जाएगी. तीन मासूमों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, हर तरफ चीख-पुकार मच गयी. परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है. हादसे के बाद गांव में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

